हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर में संचालित मां गंगा स्वास्थ्य सेवा (एमजी) अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को सील कर कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के रजिस्ट्रेशन और डिग्री की जांच भी की जा रही है। जांच के पश्चात विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इलाज में लापरवाही का आरोप:
मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल पर एक महिला के इलाज में लापरवाही का आरोप लगा है। महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका का नाम बबीता पत्नी विनोद कुमार है जो कि एक सड़क हादसे का शिकार हुई थी।
यह है मामला:
ज्ञात हो की छह अगस्त को गांव नयाबांस निवासी विनोद कुमार अपनी पत्नी बबीता और पुत्री नैना के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे कि नयाबांस मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बबीता गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रैक्टर चालक अमरोहा निवासी कुंदन राणा ने घायलों को गढ़ के एमजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल संचालक जितेंद्र, बली सिंह ने घायल महिला का उपचार शुरू किया जिसने शुक्रवार की रात को दम तोड़ दिया। इसके पश्चात शनिवार को अस्पताल को सील किया गया। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।